
विकास नंद/ सर्वव्यापी
सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पंचायत भोथलडीह सेक्टर में आयोजित सेवा सेतु शिविर में अभियान के जिला संयोजक स्वर्ण सिंह सलूजा एवं मंडल संयोजक मनोज दास पहुंचे। उन्होंने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा अधिकारियों एवं हितग्राहियों से शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन और पात्र लोगों को मिल रहे लाभ की जानकारी ली।
शिविर में पहुंचे जिला संयोजक स्वर्ण सिंह सलूजा और मंडल संयोजक मनोज दास ने अधिकारियों से ग्रामीणों की समस्याओं, प्राप्त आवेदनों तथा पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने हितग्राहियों से सीधे संवाद कर यह भी जाना कि उन्हें योजनाओं का कितना लाभ मिला और उनकी वर्तमान आवश्यकताएं क्या हैं।
सेवा सेतु शिविर में विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों को मौके पर ही योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया। श्रम विभाग द्वारा 8 हितग्राहियों को पंजीयन कार्ड, राजस्व विभाग द्वारा स्वामित्व योजना के अंतर्गत 11 हितग्राहियों को पट्टा तथा उद्यानिकी विभाग द्वारा 7 हितग्राहियों को फलदार पौधे वितरित किए गए।
इसी क्रम में कृषि विभाग ने 3 किसानों को मृदा परीक्षण प्रमाण पत्र, स्वास्थ्य विभाग ने 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड तथा मत्स्य विभाग ने 2 हितग्राहियों को मछली जाल प्रदान किए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की ओर से 3 स्वयं सहायता समूहों को कुल 9 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति आदेश वितरित किए गए।
शिविर में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित कुल 204 आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों द्वारा प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को संबंधित शासकीय योजनाओं से जोड़ने तथा समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
इस अवसर पर राज्य महिला आयोग सदस्य सरला कोसरिया, जिला पंचायत सदस्य कुमारी भास्कर, पुष्पलता चौहान, जनपद पंचायत सरायपाली अध्यक्ष लक्ष्मी पटेल, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र मुकेश चौधरी, जनपद पंचायत सदस्य सुनील दमयंती साहू सहित संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, स्थानीय जनप्रतिनिधि, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



