Newsछत्तीसगढ़

ऑनलाइन अटेंडेंस पर शिक्षिका का फूटा गुस्सा, बोलीं- सिर्फ शिक्षकों की ही हाजिरी क्यों? ऑनलाइन अटेंडेंस से नाराज शिक्षिका का वीडियो वायरल, बोलीं- सिर्फ शिक्षकों की ही ऑनलाइन हाजिरी क्यों?

तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

जांजगीर-चांपा जिले में ऑनलाइन अटेंडेंस व्यवस्था को लेकर एक शिक्षिका का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में शिक्षिका शासन की इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री और अधिकारियों से भी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने की मांग करती नजर आ रही हैं। वायरल वीडियो में शिक्षिका ने अपना नाम निर्मला कोमल बताया है। उन्होंने 29 अगस्त को सुबह 10:58 बजे वीडियो बनाया था। वीडियो में उन्होंने खुद को ड्यूटी पर बताते हुए शिक्षकों के लिए लागू ऑनलाइन अटेंडेंस व्यवस्था पर नाराजगी जताई।शिक्षिका ने कहा कि स्कूलों में शिक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए ऐप के जरिए अटेंडेंस इन और आउट की व्यवस्था शुरू की गई है। उनका कहना है कि समय पर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने के लिए कई शिक्षक-शिक्षिकाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि स्कूल पहुंचने की जल्दबाजी में कई बार शिक्षक हादसों का शिकार हो जाते हैं।अधिकारियों और मुख्यमंत्री की ऑनलाइन हाजिरी की मांग…शिक्षिका ने सवाल उठाया कि अगर शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराई जा रही है तो अधिकारियों, कर्मचारियों और कलेक्टर की उपस्थिति भी ऑनलाइन दर्ज होनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम और कामकाज की भी जनता के स्तर पर निगरानी की व्यवस्था करने की मांग की।शिक्षिका ने कहा कि शिक्षकों पर लगातार ऐप के जरिए निगरानी करने के बजाय दूसरे विभागों के कामकाज पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों की समस्या का भी जिक्र किया। वीडियो में शिक्षिका ने कहा कि वह अपनी बात रखने से डरेंगी नहीं। उन्होंने सरकार से व्यवस्था में सुधार करने की मांग करते हुए कहा कि अगर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो इसका असर आने वाले चुनाव में देखने को मिल सकता है। फिलहाल शिक्षिका का यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!