
विकास नंद/ सर्वव्यापी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वन महोत्सव-2026 का शुभारंभ करते हुए नया रायपुर में अपनी माँ के नाम पर पीपल का पौधा लगाकर प्रदेशव्यापी ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान की शुरुआत की। अभियान के तहत लगभग 15 एकड़ क्षेत्र में 2500 से अधिक पीपल के पौधे लगाए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और पौधों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति संरक्षण केवल पर्यावरणीय आवश्यकता नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में पीपल का वृक्ष आस्था, आध्यात्मिक चेतना और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक माना जाता है तथा यह जैव विविधता और स्वच्छ वातावरण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान आज जनआंदोलन का रूप ले चुका है।
छत्तीसगढ़ में पिछले दो वर्षों में 7 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जबकि इस वर्ष प्रदेश में ढाई करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपने घर, खेत, विद्यालय, कार्यस्थल या आसपास उपलब्ध स्थान पर अपनी माँ के नाम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की।
जलवायु परिवर्तन की चुनौती का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान और प्रदूषण के बीच वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपाय है। यदि प्रत्येक नागरिक हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।
इस अवसर पर वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि ‘पीपल फॉर पीपुल’ अभियान स्वच्छ, हरित और स्वस्थ भविष्य के निर्माण का संकल्प है। उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पिछले दो वर्षों में प्रदेशभर में लगभग 7 करोड़ 50 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराने के साथ एक पौधा लगाने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, वित्त, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक इंद्र कुमार साहू, छत्तीसगढ़ वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों और नागरिकों ने पीपल के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।



