Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

खट्टीडीह कापा में गूंजी महिला सशक्तिकरण की आवाज, डॉ. एकता लंगेह ने दिया आत्मनिर्भरता का संदेश।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

ग्राम पंचायत खट्टीडीह कापा में महिला सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘महिला सशक्तिकरण से स्वावलंबन’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि समाज सेविका डॉ. एकता लंगेह रहीं। विशिष्ट अतिथियों के रूप में जिला पंचायत सदस्य सृष्टि चंद्राकर तथा जनपद सदस्य सुधा चंद्राकर उपस्थित थीं।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रही महिलाओं का सम्मान रहा। महिला स्व-सहायता समूहों की उत्कृष्ट सदस्यों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं मितानिनों को समाज और ग्रामीण विकास में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि डॉ. एकता लंगेह ने अपने संबोधन में कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए आत्मनिर्भरता की राह पर तेजी से आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में घर बैठे भी रोजगार के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। यदि महिलाएं अपनी रुचि और कौशल के अनुरूप प्रशिक्षण लेकर कार्य प्रारंभ करें तो वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं। उन्होंने खट्टीडीह कापा की महिलाओं की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं और उनका आत्मविश्वास प्रेरणादायी है।

जिला पंचायत सदस्य सृष्टि चंद्राकर ने महिलाओं से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। वहीं जनपद सदस्य सुधा चंद्राकर ने महिला स्वावलंबन पर जोर देते हुए स्वरोजगार, समूह आधारित गतिविधियों और नए उद्यमों से जुड़ने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को महतारी वंदन योजना, महिला स्वास्थ्य, महिला हिंसा से संरक्षण संबंधी कानूनी प्रावधानों, आर्थिक स्वावलंबन तथा महिला अधिकारों सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। महिलाओं एवं बच्चों के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें उत्साहपूर्वक सहभागिता रही।

समापन अवसर पर तारिणी चंद्राकर ने उपस्थित महिलाओं, पुरुषों एवं ग्रामीणों को ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत नशामुक्ति की शपथ दिलाई। इसके पश्चात अतिथियों ने मंदिर परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।कार्यक्रम का संचालन गोपाल साहू ने किया।

आभार प्रदर्शन करते हुए योगेश्वर चंद्राकर ने कहा कि समाज सेविका डॉ. एकता लंगेह का ग्रामीण महिलाओं के बीच पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन करना पूरे गांव के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने का उनका प्रयास ग्रामीण महिलाओं में नया आत्मविश्वास पैदा करेगा।

इस अवसर पर ग्राम सरपंच भुनेश्वर ध्रुव, विकास चंद्राकर, शोभा शर्मा, कल्याणी, पूनम श्रीवास्तव, सालिक साहू, गंगाराम, ईश्वर सहित क्षेत्र की सैकड़ों महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!