
नूर मोहम्मद ,जिला ब्यूरो चीफ
छत्तीसगढ़ के अधिकारी-कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ता (DA) देने की मांग तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन के प्रांतीय संगठन सचिव एवं रायपुर संभाग प्रभारी आलोक शुक्ला ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से प्रदेश के कर्मचारियों और पेंशनरों के हित में दीपावली से पहले महंगाई भत्ते का आदेश जारी करने की मांग की है।आलोक शुक्ला ने बताया कि प्रदेश के अधिकारी-कर्मचारियों को वर्तमान में 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता दिया जा रहा है, जबकि केंद्र सरकार के कर्मचारियों को 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलने की बात कही गई है। इस तरह दोनों के बीच 2 प्रतिशत का अंतर है, जिसे उन्होंने राज्य के लाखों अधिकारी-कर्मचारियों, शिक्षकों और पेंशनरों के हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया।शुक्ला ने कहा कि बढ़ती महंगाई के दौर में महंगाई भत्ता कर्मचारियों के लिए आर्थिक राहत का महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे में केंद्र और राज्य के महंगाई भत्ते के बीच अंतर होने से कर्मचारियों में असंतोष की स्थिति बन रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि कर्मचारियों की भावनाओं और आर्थिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए केंद्र के समान 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता स्वीकृत किया जाए।उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार से पहले महंगाई भत्ते का आदेश जारी होने से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों को आर्थिक राहत मिलेगी तथा त्योहार की खुशियां बढ़ेंगी।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मांग की गई है कि कर्मचारी हित में निर्णय लेते हुए केंद्र के समान 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने का आदेश दीपावली से पहले अविलंब जारी किया जाए। अब कर्मचारियों की निगाहें राज्य सरकार के निर्णय पर टिकी हैं।




