Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

गढ़फूलझर को पवित्र धाम के रूप में विकसित करने का मुख्यमंत्री ने व्यक्त किया संकल्प, नानकसागर के लिए एक करोड़ की घोषणा।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बसना विधानसभा क्षेत्र के गढ़फूलझर में सिख समाज द्वारा आयोजित विशेष कीर्तन समागम में शामिल हुए। उन्होंने गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़े इस ऐतिहासिक स्थल पर मत्था टेककर आशीर्वाद लिया तथा श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में शबद कीर्तन में सहभागिता की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गढ़फूलझर को आने वाले समय में पवित्र धाम के रूप में विकसित करने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह छत्तीसगढ़ का सौभाग्य है कि गुरु नानक देव जी का पावन आगमन इस धरती पर हुआ था। उस समय यहां के राजा भैंना ने पांच एकड़ भूमि दान में दी थी। आज इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित करते हुए इसके विकास की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़फूलझर में सिख समाज, कोलता समाज, आदिवासी समाज सहित सर्वसमाज के लिए ऐसा पवित्र धाम विकसित किया जाएगा, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था, संस्कृति, सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रेरणास्रोत बनेगा।सिख समाज की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि सिख समाज स्वाभिमानी, परोपकारी और परिश्रमी समाज है। गुरु नानक देव जी ने संपूर्ण मानव समाज को प्रेम, समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। सिख समाज की लंगर परंपरा इसका जीवंत उदाहरण है, जहां जाति, धर्म, ऊंच-नीच और छोटे-बड़े का कोई भेदभाव नहीं होता। सभी लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं। यह परंपरा मानवता और समानता के मूल्यों को मजबूत करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़फूलझर और नानकसागर का विकास भी इन्हीं मूल्यों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। नानकसागर अपनी विशिष्ट पहचान और प्रसिद्धि की ओर अग्रसर है। उन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान के निर्माण की भी घोषणा की, जिससे क्षेत्रवासियों को सामाजिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

गढ़फूलझर की ऐतिहासिक पहचान को सहेजने का प्रयास

बसना विधायक संपत अग्रवाल ने कहा कि गढ़फूलझर का ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व अत्यंत गौरवशाली है। जिस प्रकार छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम के ननिहाल के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है, उसी प्रकार गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियां भी गढ़फूलझर और नानकसागर से जुड़ी हुई हैं। लगभग 500 वर्ष पूर्व गुरु नानक देव जी ने यहां प्रवास कर समय बिताया था। यह स्थल धार्मिक आस्था के साथ-साथ ऐतिहासिक विरासत का भी महत्वपूर्ण केंद्र है।उन्होंने कहा कि गढ़फूलझर एवं नानकसागर का सर्वांगीण विकास कर इसे पर्यटन, अध्यात्म और सामाजिक सद्भाव के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री की घोषणाओं से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और यहां की ऐतिहासिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में जत्थेदार बाबा साहिब सिंह, राज्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सवन्नी, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा सहित सिख समाज एवं सर्वसमाज के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!