
विकास नंद (सर्वव्यापी)

छत्तीसगढ़ में अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने तस्करी नेटवर्क में कथित रूप से शामिल एक अन्य आरोपी को जिला मुंगेली से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी प्रकाश सोनी उर्फ छोटू पथरिया में जिम का संचालन करता था और जिम की आड़ में गांजे का कारोबार भी चलाता था। मामले में पुलिस ने दो अलग-अलग प्रकरणों की जांच करते हुए गांजे के स्रोत से लेकर उसे मंगाने वाले आरोपी तक पहुंचने की कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों मामलों में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों के मेमोरेंडम कथनों के आधार पर गांजा प्रकाश सोनी के लिए लाया जाना बताया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन का पता लगाया और जिला मुंगेली के पथरिया में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
रेलवे स्टेशन के पास पहली कार्रवाई, 11.420 किलो गांजा जब्त
पुलिस के मुताबिक, 23 अगस्त 2026 को कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के पास तीन व्यक्ति गांजा लेकर ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर राहुल साहू, आयुष यादव और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा।पूछताछ में गांजा ओडिशा के एम. रामपुर से मुंगेली जिले के पथरिया ले जाना बताया गया। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 129/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(II)(बी) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया। कार्रवाई के दौरान 11.420 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत 5 लाख 71 हजार रुपये आंकी गई।
सुवरमाल चौक के पास दूसरी कार्रवाई, 16.820 किलो गांजा बरामद
दूसरी कार्रवाई 2 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर सुवरमाल चौक के पास की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला और एक पुरुष बैग में गांजा लेकर बस का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती कामिनी खाण्डे और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा।पुलिस के अनुसार, गांजा ओडिशा के जूनागढ़ से मुंगेली जिले के पथरिया ले जाया जा रहा था। इस मामले में अपराध क्रमांक 141/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(II)(बी) एवं 29 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया। इस कार्रवाई में 16.820 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत 8 लाख 41 हजार रुपये बताई गई।
दोनों मामलों में 28.240 किलो गांजा, कुल 14.92 लाख की संपत्ति जब्त
महासमुंद पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में कुल 28.240 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है, जिसकी कीमत 14 लाख 12 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा चार मोबाइल फोन, जिनकी कीमत 80 हजार रुपये बताई गई है, जब्त किए गए हैं। इस तरह दोनों मामलों में जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 14 लाख 92 हजार रुपये है।
तस्करी नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी पुलिस
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देशों के तहत गांजा तस्करी के मामलों में एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन और वित्तीय जांच पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में महासमुंद पुलिस ने दोनों प्रकरणों में गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य विवेचनात्मक तथ्यों के आधार पर कथित तौर पर गांजा मंगाने वाले आरोपी तक पहुंचने की कार्रवाई की।इस कार्रवाई में प्रकाश सोनी उर्फ छोटू की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने तस्करी नेटवर्क की एक अन्य कड़ी तक पहुंचने का दावा किया है। पुलिस दोनों मामलों में आगे की विवेचना कर रही है।




