तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू के संसदीय क्षेत्र बिलासपुर लोकसभा के कोटा विधानसभा क्षेत्र से गुजरने वाला कोटा–बेलगहना–पेंड्रा मार्ग इन दिनों अपनी बदहाली की तस्वीर खुद बयां कर रहा है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे और उनमें भरा बारिश का पानी राहगीरों एवं वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन गया है।क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह मार्ग कोटा, बेलगहना और पेंड्रा को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, विद्यार्थी, व्यापारी और आम नागरिक आवागमन करते हैं। इसके बावजूद सड़क की दुर्दशा लंबे समय से बनी हुई है। जगह-जगह उखड़ी सड़क और गड्ढों के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।सियासी गलियारों में अब सवाल उठने लगे हैं कि जिस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व केंद्र में एक राज्य मंत्री कर रहे हैं, वहां की प्रमुख सड़कों की ऐसी स्थिति आखिर क्यों बनी हुई है? विकास और बेहतर बुनियादी सुविधाओं के दावों के बीच यह तस्वीर जमीनी हकीकत को उजागर करती नजर आ रही है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क मरम्मत और रखरखाव के नाम पर समय-समय पर घोषणाएं तो होती हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं दिखाई देता। बारिश के बाद सड़क की हालत और भी खराब हो गई है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।अब क्षेत्रवासियों की नजर जनप्रतिनिधियों और प्रशासन पर है कि क्या इस महत्वपूर्ण मार्ग की सुध ली जाएगी या फिर लोगों को इसी तरह खराब सड़क से गुजरने को मजबूर रहना पड़ेगा।तस्वीरें सवाल पूछ रही हैं—क्या यही है विकास की रफ्तार?




