
विकास नंद/ सर्वव्यापी

महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने बसना विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुर्गापाली पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखने और अपने उज्ज्वल भविष्य एवं कैरियर को लेकर गंभीरता से मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर लंगेह ने कहा कि वर्तमान समय नवीन तकनीक और डिजिटल संसाधनों का है। विद्यार्थी तकनीक का सकारात्मक उपयोग करते हुए यूट्यूब, दीक्षा पोर्टल सहित विभिन्न शैक्षणिक प्लेटफॉर्म के माध्यम से नियमित अध्ययन एवं अभ्यास करें। उन्होंने पढ़ाई के साथ सह-संज्ञानात्मक गतिविधियों में भी भाग लेने पर जोर देते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव है।उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए विद्यालय परिसर में पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण तथा तकनीक के सकारात्मक उपयोग के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
बच्चों के साथ किया मध्यान्ह भोजन का अवलोकन
कलेक्टर ने प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक शाला दुर्गापाली का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पोषण आहार के तहत बच्चों को केले वितरित किए गए। उन्होंने बच्चों के साथ आत्मीयता से समय बिताया और उनके मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था का अवलोकन किया।
इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक रेखराज शर्मा, नायब तहसीलदार बसना ललित साहू, विद्यालय के प्राचार्य निमंकर पटेल एवं संकुल समन्वयक मनोरंजन साहू उपस्थित रहे।




