Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

एटीआर मॉड्यूल से पंचायतों की ऑनलाइन रिपोर्टिंग होगी पारदर्शी, महासमुंद में अधिकारियों को मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण।

विकास नंद/सर्वव्यापी

पंचायतों में ऑनलाइन प्रतिवेदन प्रणाली को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से जिला पंचायत महासमुंद के सभाकक्ष में एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट) मॉड्यूल का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य संपरीक्षा कार्यालय, रायपुर के सात सदस्यीय दल ने जनपद पंचायत महासमुंद, बागबाहरा, पिथौरा, बसना और सरायपाली के पंचायत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मॉड्यूल के तकनीकी एवं व्यावहारिक संचालन का प्रशिक्षण दिया।

प्रशिक्षण का संचालन राज्य संपरीक्षा कार्यालय के सहायक संचालक कदम सिंह सिदार, यू.के. कोसरिया, सौरभ तिग्गा, सुमित साहू और ज्येष्ठ संपरीक्षक फैजान अहमद ने जिला पंचायत के अशोक चंद्राकर एवं योगेश साहू के सहयोग से किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को एटीआर मॉड्यूल के संचालन, ऑनलाइन प्रतिवेदन तैयार करने की प्रक्रिया, आवश्यक अभिलेखों के संधारण, डेटा की शुद्धता बनाए रखने तथा निर्धारित समय-सीमा में जानकारी अपलोड करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि एटीआर मॉड्यूल के माध्यम से पंचायत स्तर पर कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, ऑनलाइन रिपोर्टिंग तथा विकास योजनाओं की प्रगति की प्रभावी समीक्षा संभव होगी। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मॉड्यूल का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया और उनकी तकनीकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।

प्रशिक्षण के समापन पर अधिकारियों ने कहा कि एटीआर मॉड्यूल के नियमित उपयोग से पंचायतों में कार्यों की प्रगति का समयबद्ध ऑनलाइन प्रतिवेदन उपलब्ध होगा, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनेगी। सभी प्रतिभागियों से मॉड्यूल का नियमित उपयोग करते हुए निर्धारित समय पर ऑनलाइन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का आग्रह किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!