Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र शुरू, अब एक ही छत के नीचे मिलेगी सभी आधार सेवाएं,विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने किया उद्घाटन।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

जिलेवासियों को आधार संबंधी सेवाएं अधिक सुगम और त्वरित उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला मुख्यालय महासमुंद में बरोडा चौक के पास वार्ड क्रमांक 29 स्थित नए आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, यूआईडीएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर तथा बीएलएस इंटरनेशनल के रीजनल मैनेजर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने केंद्र का निरीक्षण कर यहां उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं की सराहना की।

उद्घाटन समारोह में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि नए आधार सेवा केंद्र के शुरू होने से विशेषकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्हें अब आधार संबंधी कार्यों के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।

वहीं कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि यह केंद्र शासन की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी सहायक सिद्ध होगा।नया आधार सेवा केंद्र आधुनिक तकनीक और बेहतर बुनियादी सुविधाओं से सुसज्जित है।

यहां नागरिकों को एक ही स्थान पर नया आधार नामांकन, बच्चों एवं वयस्कों के आधार कार्ड बनवाने, फिंगरप्रिंट, आइरिस स्कैन और फोटो अपडेट, 5 से 15 वर्ष के बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट, नाम, पता, मोबाइल नंबर और जन्मतिथि में संशोधन सहित दस्तावेज सत्यापन एवं अपलोड जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

यह केंद्र सप्ताह के सातों दिन (सोमवार से रविवार) सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक संचालित रहेगा। नागरिक केंद्र पहुंचकर अथवा ऑनलाइन स्लॉट बुक कर अपनी सुविधा के अनुसार सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।

प्रशासन ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे आधार नामांकन एवं अद्यतन से संबंधित कार्यों के लिए इस नए आधार सेवा केंद्र की सुविधाओं का अधिक से अधिक उपयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!