
सीता बनाफर, सर्वव्यापी, ब्यूरो चीफ गौरेला-पेंड्रा-मरवाही/सर्वव्यापी/

अनुसूचित जनजाति (ट्राइबल) बहुल जिला जीपीएम में जवाहर नवोदय विद्यालय संचालित नहीं होने से छात्र-छात्राओं और पालकों को प्रतिवर्ष निराशा हाथ लगती थी । लेकिन वर्तमान जीपीएम कलेक्टर विजय दयाराम के. की सकारात्मक पहल से इस सत्र में जवाहर नवोदय विद्यालय प्रारंभ होने की उम्मीद है। इसके लिए कलेक्टर द्वारा केंद्रीय नवोदय विद्यालय समिति को लगातार पत्र व्यवहार करके प्रयास किये जा रहे हैं l इससे पहले बिलासपुर में नवोदय विद्यालय संचालित होने से जीपीएम जिले के छात्र-छात्राओं को सीमित सीटें ही मिल पाती थी और बड़ी मसक्क़त के बाद भी पालकों को निराश होना पड़ता था l वहीं प्रवेशित छात्रों के पालकों को भी आने-जाने के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था ।नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा कल- कक्षा छठवीं में प्रवेश के लिए परीक्षा जिले में कल दिनांक 28 नवंबर 2026 (शनिवार) को समय 11:30 से 1:30 बजे तक सभी निर्धारित परीक्षा केंद्रों में संपन्न कराए जाएंगे । परीक्षार्थियों को समय 10:30 बजे परीक्षा केंद्रों में उपस्थित होना अनिवार्य है ।गैर-आदिवासी छात्रों को भी मिलेगा फायदा – वर्तमान समय में जीपीएम जिले में केंद्रीय स्तर के तीन एकलव्य विद्यालय संचालित हैं, लेकिन वहां केवल आदिवासी वर्ग के छात्र-छात्राओं को ही प्रवेश मिल पाता है । जिले में डी.ए.व्ही स्कूल भी संचालित है, लेकिन फीस महंगे होने के कारण भी जिले के गरीब तबके के बच्चों को प्रवेश से वंचित रहना पड़ता था l जिले में नवोदय विद्यालय प्रारंभ होने से एसटी, एससी, ओबीसी, सामान्य वर्ग सहित दिव्यांग और आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं को भी फायदा होगा ।कोटमी में नवोदय विद्यालय के लिए भूमि चयनित – नवोदय विद्यालय के लिए तहसील सकोला स्थित ग्राम कोटमी में जिला प्रशासन द्वारा 15 एकड़ भूमि का सीमांकन सहित समस्त आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कर लिया गया है और लगभग 1600 छात्र-छात्राओं ने इस वर्ष प्रवेश के लिए अपना पंजीयन भी कराया है । जीपीएम कलेक्टर ने कमिश्नर को लिखा पत्र – जीपीएम कलेक्टर विजय दयाराम के. ने 5 अगस्त 2026 को इस संबंध में राजेश लखानी (आईएएस), कमिश्नर नवोदय विद्यालय समिति, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार को भी पत्र लिखा था । जिसमें उन्होंने कमिश्नर को अवगत कराया था कि जिले में नवोदय विद्यालय के लिए समस्त आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कर ली गई है । इसके लिए रुमगा हाई स्कूल का चार कक्ष कार्यालय हेतु एवं चार कक्ष छात्रावास हेतु चिन्हाकित किया गया है । शाला से ही लगा हुआ कन्या छात्रावास एवं आरोग्य केंद्र भी मौजूद है । आगे पत्र में कलेक्टर ने अपेक्षा जताई है की इस सत्र में कक्षा छठवीं के छात्र-छात्राओं को जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के नवोदय विद्यालय में अध्ययन करने का सुअवसर प्राप्त होंगे ।



