
विकास नंद/सर्वव्यापी

जिले में राजस्व संबंधी कार्यों में लापरवाही बरतने तथा किसानों से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों में संतोषजनक प्रगति नहीं पाए जाने पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर हड़ताल में शामिल पांच पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसानों के पंजीयन, पीवी सत्यापन तथा डीसीएस सर्वे जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने और कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों द्वारा यह कार्रवाई की गई है।
जारी निलंबन आदेश के अनुसार, बागबाहरा तहसील के भंगी राम ध्रुव, कमलेश डहरे एवं नीरज कुमार वर्मा तथा बसना अनुविभाग के तिलक राम चौधरी और सरायपाली अनुविभाग की दमयंती नायक को निलंबित किया गया है।निलंबन अवधि के दौरान संबंधित पटवारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।
जिला प्रशासन की इस कार्रवाई को राजस्व कार्यों में लापरवाही के प्रति सख्त रुख के रूप में देखा जा रहा है। विशेषकर धान खरीदी की तैयारियों के मद्देनजर किसानों के पंजीयन और सत्यापन संबंधी कार्यों में तेजी लाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सख्ती बरती जा रही है।



