
तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

समाज सेवा और रक्तदान के क्षेत्र में निरंतर निःस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे युवा समाजसेवी प्रशांत साहू की पहल अब अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही है। उनके रक्तदान एवं जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराने के प्रयासों से प्रेरित होकर युवा भी इस नेक कार्य में आगे आने लगे हैं।इसी कड़ी में 19 वर्षीय विमल साहू ने 19 वर्ष की उम्र पूरी होते ही समाजसेवी प्रशांत साहू के साथ जिला अस्पताल मुंगेली पहुंचकर अपना प्रथम रक्तदान किया। विमल साहू ने प्रशांत साहू के मार्गदर्शन और प्रेरणा से रक्तदान कर मानव सेवा की दिशा में अपना पहला कदम बढ़ाया।उल्लेखनीय है कि समाजसेवी प्रशांत साहू स्वयं अब तक 15 बार रक्तदान कर चुके हैं। इसके साथ ही उनके प्रयासों से 400 से अधिक जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क रक्तदान की व्यवस्था कराई जा चुकी है। प्रशांत साहू का सपना है कि वे अपने जीवन में 100 से अधिक बार रक्तदान कर मानव सेवा के इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाएं।प्रशांत साहू लंबे समय से युवाओं को रक्तदान के प्रति जागरूक करने और जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत हैं। उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से विमल साहू जैसे युवा रक्तदान के महत्व को समझकर इस पुनीत कार्य से जुड़ रहे हैं।यह पहल समाज के अन्य युवाओं को भी संदेश देती है कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम है। युवाओं की ऐसी भागीदारी से रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और जरूरतमंद मरीजों को समय पर सहायता मिल सकेगी।आइए, रक्तदान के इस नेक अभियान से जुड़ें। आपका एक कदम किसी जरूरतमंद के जीवन में नई उम्मीद जगा सकता है।




