
विकास नंद (सर्वव्यापी)

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के 24 अक्टूबर को महासमुंद जिले के बसना विकासखंड अंतर्गत गढ़फुलझर में प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह एवं पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने अधिकारियों और समाज के पदाधिकारियों के साथ श्री श्री रणेश्वर रामचंडी मंदिर परिसर स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।रामचंडी 2026 के अवसर पर बाबा बिसाशहे कुल कोलता समाज द्वारा मंदिर परिसर में वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं बंधु मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आयोजन से संबंधित तैयारियों का अवलोकन किया।
कई जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी प्रस्तावित
आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना प्रस्तावित है। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाबा बिसाशहे कुल कोलता समाज, रायपुर के अध्यक्ष गिरधारी साहू करेंगे।कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में संबलपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी और बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।इसी तरह विशिष्ट अतिथि के रूप में महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव, सरायपाली विधायक चातुरी नंद, रायपुर विधायक पुरंदर मिश्रा एवं पूर्व विधायक देवेंद्र बहादुर सिंह की उपस्थिति भी प्रस्तावित है।
व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री के संभावित आगमन एवं कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति को देखते हुए प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कोलता समाज के पदाधिकारियों की मौजूदगी में आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया।मुख्यमंत्री का दौरा प्रस्तावित होने के कारण कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने पर ध्यान दिया जा रहा है।




