
तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महासमुंद के बेलदारपारा स्थित वार्ड क्रमांक 19 की आंगनबाड़ी में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नन्हे बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा।इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया गया तथा हितग्राहियों से आत्मीय संवाद कर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम में बच्चों के साथ मिलन भोजन का भी आयोजन किया गया, जिसमें पौष्टिक आहार के महत्व पर चर्चा करते हुए ‘घर-घर मुनगा’ अभियान के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।आयोजकों ने कहा कि बच्चों की मासूम मुस्कान और उनके बेहतर भविष्य की चिंता ही सेवा कार्यों की सबसे बड़ी प्रेरणा है। सेवा को केवल एक आयोजन तक सीमित न रखते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक अपनापन, सहयोग और जागरूकता पहुंचाना ही इस अभियान का उद्देश्य है।गौरतलब है कि आंगनबाड़ी सेवाओं और पोषण कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य बच्चों में पोषण संबंधी कमियों को दूर करना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।




