तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक संघ ने प्रांताध्यक्ष सुनील कुमार कौशिक के नेतृत्व में स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव कमल प्रीत सिंह से मुलाकात कर प्रदेश के शिक्षकों की समयबद्ध पदोन्नति की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। संघ ने कहा कि पदोन्नति की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब के कारण वरिष्ठ एवं अनुभवी शिक्षक पदोन्नति के लाभ से वंचित होकर सेवानिवृत्त हो रहे हैं।संघ के अनुसार छत्तीसगढ़ स्कूली शिक्षा शैक्षिक एवं प्रशासनिक संवर्ग भर्ती नियम 2026 को 13 फरवरी को राजपत्र में प्रकाशित किया जा चुका है। इसके आधार पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया जारी है, लेकिन पदोन्नति से भरे जाने वाले पदों पर अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो सकी है। संघ का कहना है कि विभाग में लंबे समय से कार्यरत और आवश्यक अर्हता रखने वाले शिक्षकों के अनुभव का लाभ विभाग को मिलना चाहिए, लेकिन पदोन्नति लंबित रहने के कारण बड़ी संख्या में शिक्षक बिना पदोन्नति के सेवानिवृत्त हो रहे हैं।संघ ने बताया कि वर्ष 2012 से सीधी भर्ती में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) अनिवार्य किए जाने के कारण पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले पर्याप्त संख्या में शिक्षक उपलब्ध हैं। इसके बावजूद प्रदेश में शिक्षकों के करीब 30 हजार तथा प्राचार्यों के तीन हजार से अधिक पद रिक्त बताए जा रहे हैं। रिक्त पदों के कारण स्कूलों में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बनी हुई है।संघ के अनुसार लोक शिक्षण संचालनालय के आदेश के तहत जिला एवं संभाग स्तर के पदों पर 15 अगस्त से पहले पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी की जानी थी, लेकिन अब तक पदोन्नति आदेश जारी नहीं किए गए हैं। वहीं प्राचार्य पद पर पदोन्नति के लिए व्याख्याता, ई एवं एलबी संवर्ग तथा पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठकों की प्राविधिक वरिष्ठता सूची जारी की जा चुकी है। इसके बावजूद करीब दो महीने बाद भी अंतिम वरिष्ठता सूची जारी नहीं होने से पदोन्नति की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है।संघ ने मांग की है कि प्राचार्य पद पर पदोन्नति के लिए अंतिम वरिष्ठता सूची शीघ्र जारी की जाए और पदोन्नति प्रक्रिया के लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित की जाए। इसके साथ ही जिला एवं संभाग स्तर पर लंबित पदोन्नति आदेश तत्काल जारी करने की मांग की गई है।ज्ञापन सौंपने के दौरान स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव कमल प्रीत सिंह ने संघ के प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि इस संबंध में जल्द ही विभागीय बैठक में चर्चा कर पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।प्रतिनिधिमंडल में प्रांतीय महामंत्री जीतेन्द्र कन्नोजे, अजय कुमार कौशिक, गौकरण वर्मा सहित विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष उपस्थित रहे।




