
तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर विचार मंच, आकोट के पदाधिकारियों ने रविवार, 20 सितंबर को महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा महाराष्ट्र को भेंट दी और यहां के विभिन्न पाठ्यक्रमों, गतिविधियों और उपक्रमों की जानकारी हासिल की। पचास से अधिक पदाधिकारियों और नागरिकों ने विश्वविद्यालय में सर्वप्रथम समता भवन स्थित बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की अध्ययनरत प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर अभिवादन किया। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी भवन में स्वामी सहजानंद सरस्वती संग्रहालय को भेंट दी और यहां भाषा, साहित्य, संस्कृति से जुड़ी पाण्डुलिपियां, पत्र, मासिकों के प्रथम अंक आदि समृद्ध धरोहर का अवलोकन किया। उन्होंने अपना अभिप्राय व्यक्त करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय का नयनरम्य परिसर, यहां के रोज़गार उन्मुख पाठ्यक्रम और शैक्षणिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को जानकर बहुत ही अभिभूत महसूस हुआ हैं। मंच के अध्यक्ष सुरेशराव गवई ने कहा कि महाराष्ट्र के इकलौते केंद्रीय विश्वविद्यालय में भारत के साथ-साथ विदेशों से भी विद्यार्थी यहां अध्ययन के लिए आते हैं, यह गौरव की बात है। उन्हें जनसंपर्क अधिकारी बी. एस. मिरगे और संग्रहालय के प्रभारी सहायक संपादक डॉ. अमित विश्वास ने विश्वविद्यालय के स्थापना काल से अभितक के विकास को लेकर अवगत कराया। इस अवसर पर वर्धा के सेवानिवृत्त शिक्षक मनोहर लांडगे, आकोट के पुरूषोत्तम भटकर, खैरे, तुलसीदास रायबोले, गौतम खंडारे, सज्जन निकालजे, प्रकाश कमलेश, रमेश कोल्हे, रामधन बोबडे आदि उपस्थित थे।




