Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

गांजा तस्करों ने सबूत मिटाने कार में लगाई आग, पुलिस ने शीशा तोड़कर बचाया 28.465 किलो गांजा, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार..पढ़े पूरी खबर।

विकास नंद/ सर्वव्यापी

ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बसना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त टीम के साथ गांजा तस्करी का मामला पकड़ा है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने नाकाबंदी देखकर कार को वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया और पकड़े जाने के डर से साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से कार में गांजे से भरी बोरियों में आग लगा दी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कार का शीशा तोड़कर आग बुझाई और गांजे को सुरक्षित बरामद किया।

पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से काले रंग की वेगनआर कार क्रमांक MP 18 ZH 8555 तेज गति से बसना की ओर आ रही है। सूचना पर बसना थाना और ANTF की टीम ने थाना बसना के सामने रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की निगरानी शुरू की।इसी दौरान संदिग्ध कार पुलिस नाकाबंदी देखकर अचानक वापस मुड़ गई और तेज गति से भागने लगी। पुलिस और ANTF टीम ने पीछा किया।

कार चालक ने ग्राम चोरभट्ठी से मेदनीपुर जाने वाले मार्ग पर वाहन रोक दिया। पुलिस के अनुसार इसके बाद आरोपियों ने कार के अंदर गांजे से भरी बोरियों में आग लगा दी और कार लॉक कर भागने का प्रयास किया।पुलिस टीम ने पीछा करते हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया। आसपास मौजूद ग्रामीणों की मदद से कार का सामने का शीशा तोड़कर भीतर लगी आग को बुझाया गया। इस दौरान एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।कार की तलाशी लेने पर डिक्की से तीन अधजली प्लास्टिक बोरियों में कुल 28.465 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के बलांगीर निवासी विनोद राणा से खरीदकर अपने साथी शिवा सिंह के साथ शहडोल (मध्यप्रदेश) ले जाया जा रहा था।

18.53 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

पुलिस ने कार्रवाई में 28.465 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 14 लाख 23 हजार 250 रुपये, काले रंग की वेगनआर कार कीमत करीब 4 लाख रुपये तथा दो मोबाइल फोन कीमत करीब 30 हजार रुपये जब्त किए। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 18 लाख 53 हजार 250 रुपये बताई गई है।

दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

गिरफ्तार आरोपियों में सुलभ सिंह परिहार (29), निवासी छोटी घोरहटी, थाना नागौद, जिला सतना (मध्यप्रदेश) तथा सागर कुशवाहा (25), निवासी कोनी टोला, थाना नागौद, जिला सतना (मध्यप्रदेश) शामिल हैं।वहीं शिवा सिंह, निवासी शहडोल (मध्यप्रदेश) फरार बताया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध NDPS एक्ट एवं BNS की धाराओं के तहत कार्रवाई की है। मामले में फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!