
विकास नंद/सर्वव्यापी

भाजपा किसान मोर्चा जिला महासमुंद की टीम ने प्रदेश किसान मोर्चा द्वारा सौंपे गए 56 कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक आयोजित कर संगठनात्मक क्षमता और टीम भावना का शानदार परिचय दिया। इन कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए किसान मोर्चा की जिला टीम को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर द्वारा सराहना एवं सम्मान मिला।
भाजपा किसान मोर्चा जिला महासमुंद के अध्यक्ष पीलेश्वर पटेल, उपाध्यक्ष मनोज दास तथा महामंत्री माधव साव और देवेंद्र चंद्राकर के नेतृत्व में पूरी टीम ने समर्पण, मेहनत और अनुशासन के साथ प्रदेश संगठन द्वारा सौंपे गए सभी 56 कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराया।
इस अवसर पर किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष पीलेश्वर पटेल ने कहा कि प्रदेश स्तर पर मिला यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि भाजपा किसान मोर्चा जिला महासमुंद के प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता की मेहनत, लगन एवं समर्पण का सम्मान है।उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा दिए गए दायित्वों को पूरी निष्ठा के साथ निभाना ही कार्यकर्ताओं की सबसे बड़ी पहचान है। आने वाले समय में भी भाजपा किसान मोर्चा जिला महासमुंद किसान हितों की रक्षा और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।
प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व द्वारा मिली सराहना और सम्मान से महासमुंद किसान मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। टीम ने इसे संगठन के प्रति अपनी जिम्मेदारी और अधिक मजबूती से निभाने की प्रेरणा बताया।



