
विकास नंद/ सर्वव्यापी

स्वतंत्रता दिवस समारोह की अंतिम तैयारियों के तहत गुरुवार को मिनी स्टेडियम महासमुंद में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। कलेक्टर विनय लंगेह और पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने पुलिस, नगर सैनिक, एनसीसी एवं एनएसएस की कुल 11 टुकड़ियों की परेड की सलामी ली। रिहर्सल के दौरान स्कूली बच्चों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामूहिक पीटी प्रदर्शन का अभ्यास किया।इस अवसर पर एसडीएम अक्षा गुप्ता मंच पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कलेक्टर ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को पूर्ण गरिमा, उत्साह और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक व्यवस्था, मंच, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य समारोह में जिले के प्रभारी एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल मुख्य अतिथि होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 अगस्त को सुबह 8:58 बजे मुख्य अतिथि का आगमन होगा और सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद 9:03 बजे परेड का निरीक्षण, गार्ड ऑफ ऑनर एवं मार्च पास्ट होगा। सुबह 9:30 बजे मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश का वाचन करेंगे। समारोह में शहीद परिवारों का सम्मान भी किया जाएगा।
छह स्कूलों के विद्यार्थी देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतिस्वतंत्रता दिवस समारोह में जिले के छह स्कूलों के विद्यार्थी छत्तीसगढ़ी संस्कृति और राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत गीत-संगीत पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। वहीं विभिन्न शालाओं के करीब 900 बच्चे सामूहिक पीटी प्रदर्शन करेंगे, जो समारोह का प्रमुख आकर्षण होगा।सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत की सीईओ अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर रवि साहू, उप पुलिस अधीक्षक सुनील नायक सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।




