कलेक्टर लंगेह की अपील: हर घर पर शान से लहराए तिरंगा… जिले में 9 से 17 अगस्त 2026 तक हर घर तिरंगा अभियान।
विकास नंद/ सर्वव्यापी

स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिले में 9 से 17 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अभियान को जनभागीदारी का महाअभियान बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर लंगेह ने अधिकारियों से कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल तिरंगा फहराना नहीं, बल्कि हर नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और संविधान के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत करना है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के प्रत्येक घर, शासकीय कार्यालय, शैक्षणिक संस्थान, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और सार्वजनिक स्थलों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।उन्होंने सभी विभागों को समन्वित प्रयासों के साथ अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा प्रभात फेरी, तिरंगा यात्रा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, देशभक्ति गीत, जनजागरूकता रैली और अन्य प्रेरक गतिविधियों का व्यापक आयोजन करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे 9 से 17 अगस्त तक अपने घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का उत्सव बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी ही राष्ट्र के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धा और सम्मान का प्रतीक है। आइए, इस स्वतंत्रता दिवस पर हर घर तिरंगा फहराकर राष्ट्रगौरव और देशभक्ति का संदेश पूरे जिले में पहुंचाएं।