
विकास नंद/सर्वव्यापी

महासमुंद विकासखंड के ग्राम पंचायत खट्टा अंतर्गत क्षतिग्रस्त पुल एवं सड़क की समस्या को लेकर ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की मांग पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत क्षतिग्रस्त सड़क एवं पुल की अस्थायी मरम्मत कराए जाने से बारिश के बीच क्षेत्र में आवागमन सुगम हुआ है और ग्रामीणों व स्कूली बच्चों को राहत मिली है।लगातार बारिश के दौरान पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण यहां आवागमन प्रभावित हो रहा था। यह मार्ग पटेवा से महासमुंद आने-जाने के साथ ही कोकड़ी शासकीय स्कूल, खट्टा प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल तथा रामखेड़ा प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण है।
सीएम हेल्पलाइन में शिकायत, तत्काल हुआ समाधान
ग्रामीणों द्वारा सड़क एवं पुल की समस्या को लेकर सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत पर संबंधित विभाग ने मौके की स्थिति का जायजा लेते हुए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत तत्काल अस्थायी मरम्मत कार्य कराया। इससे मार्ग पर आवागमन में सुविधा हुई है।
शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान पर कलेक्टर का जोर
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक शिकायत की वास्तविक स्थिति की जांच कर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने समय-सीमा के भीतर लंबित शिकायतों का निराकरण करने के साथ ही बार-बार सामने आने वाली शिकायतों के स्थायी समाधान पर विशेष ध्यान देने को कहा है।कलेक्टर के निर्देशों के अनुरूप खट्टा में क्षतिग्रस्त सड़क एवं पुल की समस्या पर त्वरित कार्रवाई को प्रशासन की शिकायत निवारण व्यवस्था की प्रभावशीलता से जोड़कर देखा जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने समय पर मरम्मत कार्य कराने के लिए प्रशासन एवं संबंधित विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है।




