
विकास नंद/सर्वव्यापी

महासमुंद पुलिस ने नशे के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग प्रकरणों में 58.110 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है। इन मामलों में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने तीनों मामलों में गांजा, वाहन और मोबाइल फोन सहित कुल 34 लाख 71 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस द्वारा अंतर्राज्यीय सीमाओं और राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और महासमुंद जिले के सिंघोड़ा एवं कोमाखान थाना पुलिस को लगातार बड़ी सफलता मिली है।
रेहटीखोल चेक पोस्ट पर 35 किलो गांजा के साथ दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
पहले मामले में थाना सिंघोड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक हुंडई कार क्रमांक CG 13 UB 7951 में दो व्यक्ति उड़ीसा से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना के बाद एनएच-53 स्थित अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट रेहटीखोल पर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई।जांच के दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें डिक्की में रखी एक बोरी से 35 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की कीमत 17 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।पुलिस ने मामले में उड़ीसा के नयागढ़ जिले के माधवपुर निवासी विनोद कुमार सिंह (31 वर्ष) तथा पत्थरचकड़ा निवासी गयाधर दडेई (41 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा को भुवनेश्वर से रायपुर ले जाकर खपाने की योजना बताई।आरोपियों के कब्जे से गांजा, हुंडई कार और दो मोबाइल फोन सहित 20 लाख 55 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
टेमरी नाका में 6.290 किलो गांजा जब्त, 24 घंटे में सप्लायर भी गिरफ्तार
दूसरे मामले में कोमाखान पुलिस ने एनएच-353 स्थित अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट टेमरी नाका में वाहन जांच के दौरान एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल और स्कूटी क्रमांक CG 06 HD 2279 में सवार तीन संदिग्धों को पकड़ा।तलाशी के दौरान स्कूटी की डिग्गी से 3.200 किलोग्राम तथा मोटरसाइकिल से 3.090 किलोग्राम, कुल 6.290 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसकी कीमत 3 लाख 14 हजार 500 रुपये बताई गई है।मामले में तोषन साहू, नरेश ठाकुर और पुरुषोत्तम निषाद को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा को खरियार रोड और सहीपाला, उड़ीसा से लाकर महासमुंद जिले के भोरिंग और करहीडीह क्षेत्र में खपाने की योजना बताई।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी और तकनीकी एवं डाटा एनालिसिस की मदद से गांजा मंगाने वाले देवकुमार साहू को भी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।इस प्रकरण में गांजा, एक मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और तीन मोबाइल फोन सहित 4 लाख 54 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। सभी चार आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया।
सुवरमाल चौक में बस का इंतजार कर रहे तस्कर दबोचे, 16.820 किलो गांजा बरामद
तीसरे मामले में थाना कोमाखान पुलिस को सूचना मिली कि एनएच-353 स्थित सुवरमाल चौक के पास एक महिला और उसके साथ एक व्यक्ति बैग में गांजा रखकर बस का इंतजार कर रहे हैं।सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम कामिनी खाण्डे (20 वर्ष), निवासी हरदी, थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर बताया, जबकि उसके साथ एक विधि से संघर्षरत बालक था।तलाशी के दौरान बैग से 16.820 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत 8 लाख 41 हजार रुपये बताई गई है। आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। कुल 8 लाख 61 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।पूछताछ में गांजा को एम. रामपुर, उड़ीसा से लेकर पथरिया, जिला मुंगेली में खपाने की योजना का खुलासा हुआ। महिला आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(B) एवं 29 के तहत कार्रवाई की गई, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
महासमुंद पुलिस की इन लगातार कार्रवाइयों से अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन निश्चय के तहत नशे के अवैध कारोबार, तस्करी, परिवहन और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




