
विकास नंद/सर्वव्यापी

उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा कि अभियंता विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के शिल्पकार हैं। उन्हें कार्यालय से लेकर फील्ड तक सक्रिय रहकर अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करना चाहिए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में लोक निर्माण विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला ‘निर्माण मंथन’ में प्रदेशभर के अभियंताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग राज्य के विकास का ग्रोथ इंजन है। बदलते समय के अनुरूप अभियंता नई तकनीक और आधुनिक मशीनरी अपनाएं तथा निर्धारित मानकों का पालन करते हुए उत्कृष्ट निर्माण कार्य सुनिश्चित करें।
कार्यशाला में विभागीय सचिव मुकेश कुमार बंसल ने अभियंताओं को फील्ड और कार्यालयीन कार्यों में गुणवत्ता एवं अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी ने निर्माण सामग्री और कार्यों की गुणवत्ता का कड़ाई से परीक्षण करने के बाद ही भुगतान करने पर जोर दिया।एक दिवसीय कार्यशाला में एनआईटी रायपुर के विशेषज्ञों एवं वरिष्ठ अभियंताओं ने सड़क, पुल और भवन निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण, सर्वेक्षण, प्राक्कलन, निविदा प्रक्रिया तथा सड़कों के रखरखाव की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। इसमें मुख्य अभियंता से लेकर उप अभियंता तक शामिल हुए।


