
विकास नंद/ सर्वव्यापी

बागबाहरा/महासमुन्द (अजय उजाला)ओड़िशा सीमा से लगे खल्लारी विधानसभा के अंतिम छोर पर स्थित ग्राम रेवा (मोंगरापाली) में माँ दुर्गा और माँ काली की अनन्य भक्त माता जानकी यादव द्वारा अद्भुत और अलौकिक भक्ति का प्रदर्शन किया जा रहा है। इस दौरान माता जानकी यादव द्वारा लोहे की नुकीली कीलों से बनी बिछौने (कांटों की सेज) पर पीठ के बल लेटकर अपने पेट / सीने पर 9 दिन तक अखंड ज्योति कलश धारण किए हुए हैं। यह दृश्य प्रत्यक्ष रूप से माता रानी की असीम कृपा और अटूट शक्ति का प्रमाण है।
बता दें कि कांटों की सेज पर लेटकर शरीर पर जलता हुआ कलश रखना सामान्य मनुष्य के लिए असंभव है, परंतु माता जानकी यादव, माँ दुर्गा की शक्ति में लीन होकर पूरी तन्मयता और श्रद्धा के साथ यह कठोर तप कर रही हैं। कलश में अखंड ज्योति प्रज्वलित है और थाली में पुष्प सुशोभित हैं।
स्थानीय लोगों में आस्था का सैलाब
इस चमत्कारिक दृश्य को देखने के लिए ग्राम रेवा सहित आसपास के गांवों और ओड़िशा सीमा से लगे क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और माता के दर्शन कर जयकारा लगा रहे हैं। इस आस्था पर ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी भक्ति और शक्ति वर्षों में देखने को मिलती है। यह नवरात्रि और माता की आराधना का साक्षात उदाहरण है।




