
विकास नंद/ सर्वव्यापी

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में शुरू किए गए ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के पहले दिन 219 आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के बीच विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इसी क्रम में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने लभरा खुर्द और शेर दर्रीपारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों का पहुंचकर बच्चों से सहज संवाद किया और उनकी गतिविधियों का अवलोकन किया।लभरा खुर्द के आंगनबाड़ी केंद्र में कलेक्टर लंगेह ने बच्चों से गीत, गिनती और एबीसीडी सुनी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दशोदा साहू ने बताया कि केंद्र में 26 बच्चे दर्ज हैं, जिनमें दो बच्चे कुपोषित हैं तथा आठ गर्भवती महिलाएं केंद्र की सेवाओं से जुड़ी हैं। कलेक्टर ने बच्चों के पोषण और भोजन व्यवस्था की जानकारी लेते हुए निर्धारित समय पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध पोषण सामग्री और बच्चों के लिए तैयार पौष्टिक थाली का भी अवलोकन किया।इसके बाद कलेक्टर लंगेह ने शेर दर्रीपारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। यहां 32 बच्चे दर्ज हैं, जिनमें एक बच्चा कुपोषित पाया गया। कलेक्टर ने संबंधित बच्चे की स्वास्थ्य एवं पोषण स्थिति पर विशेष ध्यान देने तथा आवश्यकता के अनुसार उसे पोषण पुनर्वास केंद्र भेजने के निर्देश दिए। केंद्र में उस समय 24 बच्चे उपस्थित थे।आंगन मिलन के दौरान बच्चों ने गीत, कविता, गिनती, एबीसीडी, खेल एवं अन्य गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कुशांत ध्रुव ने कलेक्टर के सामने गिनती सुनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कलेक्टर ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की।कार्यक्रम के दौरान स्वस्थ शिशुओं में भाव्या धीवर एवं उनकी माता पूर्णिमा धीवर को सम्मानित किया गया। वहीं महतारी वंदन योजना की हितग्राही धनिता साहू एवं गोदावरी साहू को श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर जनपद सदस्य नीता साहू, सरपंच अनीता साहू, उपसरपंच भारती साहू सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे। जिलेभर में आयोजित आंगन मिलन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने बच्चों के साथ समय बिताकर उनका उत्साह बढ़ाया। छोटे-छोटे बच्चों की प्रस्तुतियों से आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।




