
विकास नंद/ सर्वव्यापी
भंवरपुर चौकी पुलिस ने परदेशी यादव की मौत के मामले में हत्या की गुत्थी महज 48 घंटे में सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की तफ्तीश में मृतक के शरीर पर मिले चोटों के निशान से शुरू हुई जांच पूछताछ और फोरेंसिक साक्ष्यों तक पहुंची। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने खून लगे कपड़े और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को चौकी भंवरपुर, थाना बसना में अस्पताल मेमो प्राप्त हुआ था। इसमें ग्राम बड़े साजापाली से एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल से अस्पताल लाए जाने और उसकी मृत्यु हो जाने की जानकारी दी गई थी। मृतक की पहचान परदेशी यादव के रूप में हुई।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान पाए जाने पर शव का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक ने मृत्यु के संबंध में हत्या की आशंका व्यक्त की, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
फोरेंसिक जांच और पूछताछ से सामने आया घटनाक्रम
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया और फोरेंसिक टीम की मदद से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। आसपास के लोगों से पूछताछ के दौरान पता चला कि घटना से पहले तीनों व्यक्ति शराब का सेवन कर रहे थे।जांच में सामने आया कि इसी दौरान मृतक परदेशी यादव द्वारा आरोपी मनोहर कोसरिया की पत्नी के साथ छेड़छाड़ किए जाने की बात सामने आई। इससे नाराज होकर मनोहर कोसरिया ने परदेशी यादव के साथ हाथ-मुक्के और लात से मारपीट की। गंभीर चोट लगने से परदेशी जमीन पर गिर गया। इसके बाद भी मारपीट किए जाने से वह अचेत हो गया।पुलिस के मुताबिक, इसके बाद मनोहर कोसरिया और भानूप्रताप लहरे ने परदेशी यादव को मोटरसाइकिल के बीच में बैठाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पूछताछ में स्वीकार किया अपराध
पुलिस ने दोनों संदिग्धों को घटनास्थल पर बुलाकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने परदेशी यादव के साथ मारपीट करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि घटना के दौरान उनके कपड़ों पर खून लग गया था। पुलिस द्वारा कपड़े बरामद किए जाने की आशंका में उन्होंने खून लगे कपड़ों को शासकीय अस्पताल भंवरपुर के सामने स्थित एक गड्ढे में छिपा दिया था।आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में मौके से दोनों के खून लगे कपड़े तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर जप्त की।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए दोनों आरोपी
उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ में अपराध स्वीकार किए जाने के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 492/2026 में धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
भानूप्रताप लहरे, उम्र 37 वर्ष, निवासी कुदरीपारा बांकी मोंगरा, थाना बांकी मोंगरा, जिला कोरबा।मनोहर कोसरिया, उम्र 37 वर्ष, निवासी बड़े साजापाली, चौकी भंवरपुर, थाना बसना, जिला महासमुंद।

